बच्चा नहीं लौटा घर ट्यूशन गया था
नई दिल्ली :पश्चिमी दिल्ली के रनहोला थाना इलाके में ट्यूशन पढ़ने गया 13 साल का बच्चा लापता हो गया है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। नजफगढ़ के जय विहार इलाके में रहने वाले वीरेंद्र सिंह नेगी का बेटा दुर्गेश मंगलवार दोपहर बाद चार बजे घर से ट्यूशन पढ़ने निकला था। यह ट्यूशन सेंटर उसके घर की गली में ही है। वह घर नहीं लौटा। उसके परिवार ने उसे खोजने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिला। उन्होंने नजफगढ़ थाने में कंप्लेंट दी। वहां से जानकारी मिली कि दुर्गेश के घर का इलाका रनहोला थाने के तहत है। रनहोला पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। अभी तक बच्चे का सुराग नहीं मिल सका है।
विंडो ग्रिल तोड़कर डेढ़ लाख की चोरी
नई दिल्ली :पश्चिमी दिल्ली के एक बंद फ्लैट की विंडो ग्रिल तोड़कर डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी किया गया है। पीडि़त के बयान के बावजूद हरिनगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। यह वारदात बुधवार को हुई। जेल रोड पर वीरेंद्र नगर में रहने वाले भूपेंद्र सिंह की बेटी विदेश में गई हुइ है। भूपेंद्र सिंह और उनकी पत्नी अपने घर को बंद कर उससे कुछ दूरी पर अपनी बेटी के घर में रह रहे हैं। उनका फ्लैट ग्राउंड फ्लोर पर है। बुधवार सुबह वह अपने घर आए थे। दोपहर 12 बजे उनके पड़ोसी ने भी घर ठीकठाक देखा था। इसके बाद 12 से दो बजे के दरम्यान उनके घर की विंडो ग्रिल तोड़कर वारदात की गई। घर के मेन गेट का ताला सही सलामत था। अंदर लॉकर टूटे हुए थे। घर में रखे 20 हजार रुपये और सात तोले गोल्ड जूलरी चुराई गई। भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को खबर दी। काफी देर बाद हरिनगर पुलिस मौके पर पहुंची। भूपेंद्र ने बताया कि पुलिस उनके बयान लेकर चली गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है।